बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का कमरा अंदर से बंद था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजन को घटना की जानकारी दी है। परिजनों के बिलासपुर पहुंचने के बाद ही कमरे का दरवाजा खोलकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह निवासी आकाश कुमार पंडा (26) के रूप में हुई है। आकाश बीते कुछ समय से बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और कपिल नगर में एक किराए के मकान में अकेले रहता था। सोमवार की शाम आकाश के कुछ दोस्त उसके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दोस्तों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो मोबाइल कमरे के अंदर ही बजता सुनाई दिया। इस पर अनहोनी की आशंका होने लगी। इसके बाद दोस्तों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, जहां आकाश का शव फांसी के फंदे पर लटका नजर आया। घटना की सूचना तत्काल सरकंडा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में कमरा अंदर से बंद पाया गया। पुलिस ने मृतक के संबंध में जानकारी जुटाते हुए उसके घरघोड़ा में रहने वाले परिजन को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजनों ने बिलासपुर पहुंचने तक कमरे का दरवाजा न खोलने का अनुरोध किया। परिजनों की मांग पर पुलिस ने कमरे को बाहर से भी बंद कर दिया है, ताकि किसी तरह की छेड़छाड़ न हो। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रधान संपादक


