
एसएसपी आईपीएस अग्रवाल ने कहा बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की गुमशुदगी अथवा असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके
छत्तीसगढ़ ।दुर्ग पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए थाना सुपेला क्षेत्र से लापता तीन बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया जिसके परिणामस्वरूप महज कुछ घंटों में बालिकाओं का सुरक्षित पता लगा लिया गया।
एसएसपी विजय अग्रवाल से मिली जानकारी के अनुसार थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर कैंप-1, सुपेला की निवासी तीन बालिकाएं 06 फरवरी की शाम लगभग 4 बजे घर से नाराज होकर बिना बताए निकल गई थीं। परिजनों द्वारा 07 फरवरी को सूचना दिए जाने पर थाना सुपेला में गुमशुदगी के संबंध में अपराध क्रमांक 221/2026 एवं 222/2026 पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक बालक विरुद्ध अपराध चित्रा वर्मा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया गवाहों से पूछताछ की गई तथा संभावित स्थलों पर सतत पतासाजी की गई। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी एवं चाइल्ड लाइन से समन्वय स्थापित किया गया।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप रेलवे पुलिस के सहयोग से तीनों बालिकाओं को बिलासपुर जिले के उसलापुर से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। नियमानुसार बालिकाओं को सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। सूचना मिलने पर परिजन पुलिस के साथ बिलासपुर के लिए रवाना हो गए।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सुपेला पुलिस स्टाफ महिला एवं बाल सुरक्षा इकाई तथा गठित विशेष टीमों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसएसपी विजय अग्रवाल के स्पष्ट निर्देश और सतत निगरानी के चलते ही यह सफलता संभव हो सकी।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की गुमशुदगी अथवा असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रधान संपादक


