Explore

Search

February 10, 2026 10:00 am

लालखदान ओवरब्रिज बना मौत का पुल ,नो-एंट्री में धड़ल्ले से चल रहे भारी वाहन: अभयनारायण राय

बिलासपुर, 09 फरवरी 2026।लालखदान ओवरब्रिज पर रविवार 8 फरवरी की रात तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से ग्राम निवासी विशाल साहू की मौत का मामला सामने आया है। बताया गया कि विशाल साहू मेला देखकर अपने घर लौट रहा था, तभी नो-एंट्री क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उसे कुचल दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं महमंद ओवरब्रिज के समीप निवासी अभयनारायण राय ने कहा कि लालखदान ओवरब्रिज धीरे-धीरे ‘मौत का पुल’ बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में महमंद चौक और ओवरब्रिज क्षेत्र में आठ से अधिक लोगों की असमय मृत्यु हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद न तो सड़क की स्थिति सुधारी गई और न ही भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई गई।

अभयनारायण राय ने कहा कि ओवरब्रिज की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सेतु निगम को बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नियमों के अनुसार महमंद चौक से सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, इसके बावजूद रेत, गिट्टी, मुरूम और ईंट से लदे ट्रक पूरे दिन बेखौफ होकर गुजरते रहते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि यातायात विभाग की गाड़ी सप्ताह में लगभग पांच दिन ब्रिज के नीचे या बड़े हनुमान मंदिर के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर चालानी कार्रवाई करती है। लेकिन कुछ घंटों बाद गाड़ी के हटते ही नो-एंट्री समय में भारी वाहन फिर से चलने लगते हैं। स्थानीय वाहन मालिक होने के कारण चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।

अभयनारायण राय का कहना है कि विशाल साहू की मौत भी खनिज परिवहन से जुड़े लापरवाह चालक और तेज रफ्तार का परिणाम है। उन्होंने ओवरब्रिज की तत्काल मरम्मत, नो-एंट्री समय में भारी वाहनों पर सख्त प्रतिबंध और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर शीघ्र ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS