Explore

Search

February 10, 2026 3:09 pm

वनकर्मियों को ट्रक से कुचलने का प्रयास, छह किलोमीटर पीछा कर अंतरराज्यीय बार्डर पर पकड़ी अवैध रेत से लदी गाड़ी

गौरेला में कार छोड़कर भागा रेत माफिया, वीडियो हुआ वायरल


बिलासपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वनकर्मियों पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अवैध रेत से लदे ट्रक को रोकने के प्रयास में तस्करों ने वनकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। इसके बाद वन विभाग की टीम ने करीब छह किलोमीटर तक ट्रक का पीछा कर अंतरराज्यीय अमरकंटक बार्डर पर वाहन को पकड़ लिया। हालांकि रेत माफिया कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन अमले ने ट्रक और कार को जब्त कर लिया है। मामले में वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सूचना मिलते ही अलर्ट हुआ वन अमला


गौरेला वन परिक्षेत्र के रेंजर प्रबल दुबे ने बताया कि तीन फरवरी मंगलवार को जुआटोला क्षेत्र से गौरेला की ओर अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गौरेला वन परिक्षेत्र की टीम सतर्क हो गई और संभावित मार्गों पर निगरानी शुरू कर दी गई। इसी दौरान अवैध रेत से लदा एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया, जिसके आगे-पीछे एक कार भी चल रही थी। बताया गया कि कार में सवार रेत माफिया ट्रक को एस्कार्ट कर रहा था।

रोकने पर बढ़ाई रफ्तार, कुचलने की कोशिश


जब वनकर्मियों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने अचानक गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी। आरोप है कि इस दौरान ट्रक चालक और उसके साथ मौजूद तस्करों ने जानबूझकर वाहन को वनकर्मियों की ओर मोड़ दिया, जिससे उन्हें कुचलने की कोशिश की गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम में वनकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने बिना जान की परवाह किए ट्रक का पीछा शुरू कर दिया।

छह किलोमीटर तक चला हाई-वोल्टेज पीछा
वनकर्मियों और रेत माफियाओं के बीच करीब छह किलोमीटर तक पीछा चलता रहा। ट्रक को गौरेला से होते हुए अंतरराज्यीय अमरकंटक बार्डर की ओर भगाया गया। इस दौरान चालक लगातार बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन वन विभाग की टीम ने पीछा नहीं छोड़ा। अंततः अमरकंटक बार्डर के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया गया।

कार छोड़कर जंगल की ओर फरार हुआ माफिया


जैसे ही ट्रक को रोका गया, कार में सवार रेत माफिया मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। वन विभाग की टीम ने मौके से अवैध रेत से भरा ट्रक और एस्कार्ट कर रही कार दोनों को जब्त कर लिया। ट्रक में बिना अनुमति रेत का परिवहन किया जा रहा था।

वीडियो वायरल, हरकतें कैमरे में कैद


इस पूरी कार्रवाई के दौरान वनकर्मियों द्वारा वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है, जो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रक चालक की खतरनाक हरकतें, भागने का प्रयास और बाद में ट्रक को रोके जाने की कार्रवाई साफ दिखाई दे रही है।

अवैध रेत तस्करी पर सख्ती


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी। अधिकारियों ने साफ कहा है कि सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

एमपी के तस्कर सक्रिय, मास्टरमाइंड की तलाश


रेंजर प्रबल दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमरकंटक में रहने वाला इब्राहिम इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड है। तीन फरवरी को वही ट्रक के आगे अपनी कार से चल रहा था और कार्रवाई के दौरान कार छोड़कर फरार हो गया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS