Explore

Search

July 13, 2026 7:47 am

नाबालिग को भगाकर रायपुर ले गया युवक, शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म

बिलासपुर। नाबालिग के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और रायपुर में उसे अपने कब्जे में रखकर शारीरिक शोषण किया। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

चकरभाठा थाना क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग 11 दिसंबर 2025 को बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने चकरभाठा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग का संपर्क इंद्रपुरी हिर्री माइंस निवासी विक्की डहरिया (23) से था। मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने युवक की भूमिका की जांच की। इस बीच आरोपी अपने ठिकाने से फरार हो गया, जिससे पुलिस को शक और गहरा गया। पुलिस को बाद में सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को अपने साथ लेकर रायपुर में रह रहा है। इस पर चकरभाठा पुलिस की एक टीम ने रायपुर में दबिश दी और आरोपी के बताए गए ठिकाने पर पहुंचकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस टीम नाबालिग को लेकर थाने पहुंची, जहां उससे काउंसलिंग और पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि आरोपी विक्की डहरिया ने उससे शादी करने का झांसा दिया था। इसी बहाने वह उसे रायपुर ले गया, जहां उसने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। नाबालिग के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण के साथ ही दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS