Explore

Search

March 7, 2026 2:16 pm

कमिश्नर बंगले के पीछे सूने मकान में चोरी, 30 लाख के जेवर ले उड़े चोर

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुराने कमिश्नर बंगले के पीछे स्थित एक सूने मकान में चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना उस समय हुई, जब मकान मालिक पत्नी के साथ बाहर गए हुए थे। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, पुराने कमिश्नर बंगले के पीछे रहने वाले शुभरंजन मिश्रा ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वे अपनी पत्नी रश्मि मिश्रा के साथ इसी मकान में रहते हैं। उनका पैतृक निवास ओडिशा में है। 30 जनवरी को वे पत्नी के साथ फसल बेचने के लिए ओडिशा गए थे। घर की सफाई और देखरेख के लिए उन्होंने मकान की अतिरिक्त चाबी अपनी परिचित पुनीता को दे रखी थी। पांच फरवरी की सुबह जब पुनीता सफाई के लिए घर पहुंची, तो उसने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर झांकने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त नजर आया। घबराकर उसने तत्काल आसपास के पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एक पड़ोसी ने फोन पर शुभरंजन मिश्रा को चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते ही शुभरंजन मिश्रा अपनी पत्नी के साथ उसी दिन शाम करीब चार बजे ट्रेन से बिलासपुर के लिए रवाना हुए। देर रात करीब तीन बजे जब वे घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि बेडरूम में रखी आलमारी और कबर्ड के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा सारा सामान बाहर बिखरा पड़ा था। आलमारी और कबर्ड में रखे लगभग 30 तोला सोने के जेवरात और कुछ चांदी के आभूषण गायब थे। इसके अलावा घर में रखे जरूरी दस्तावेज भी बिस्तर पर बिखरे हुए मिले। पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी या नहीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS