Explore

Search

April 1, 2026 11:45 pm

सूने मकानों में चोरी, नारायणी होम्स में नकदी समेत सामान पार

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के नारायणी होम्स, सम्बलपुरी कॉलोनी में चोरों ने एक के बाद एक दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दोनों मकानों के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर चोर भीतर घुसे और नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी बटालियन सकरी में पदस्थ प्रधान आरक्षक शिववीर सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके परिचित शिशुपाल भदौरिया का मकान नारायणी होम्स कॉलोनी में स्थित है। शिशुपाल भदौरिया 21 नवंबर को अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के भिण्ड गए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने मकान में ताला लगाकर चाबी कॉलोनी में रहने वाले जीवन सिंह बोरा को दे दी थी।
इसी कॉलोनी में रहने वाले विपिन यादव भी 25 नवंबर को अपने परिवार सहित अपने पैतृक गांव बलिया (उत्तरप्रदेश) चले गए थे। उन्होंने अपने मकान की चाबी आयुष क्षत्री को सौंपी थी। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे कॉलोनी निवासी सन्नी वस्त्रकार ने देखा कि दोनों मकानों के मुख्य गेट खुले हुए हैं और अंदर लाइट जल रही है। इस पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक शिववीर सिंह चौहान, आयुष क्षत्री, जीवन सिंह बोरा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। जांच करने पर पाया गया कि दोनों मकानों के सामने लगे ताले टूटे हुए हैं। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारियां खुली हुई थीं। फोन पर संपर्क करने पर विपिन यादव ने बताया कि उनके मकान से लगभग 15 हजार रुपये नकद गायब हैं, जबकि शिशुपाल भदौरिया ने अपने घर से करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी है। दोनों ने अन्य सामान की पूरी जानकारी घर लौटने के बाद देने की बात कही है।
घटना की सूचना पर सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS