Explore

Search

November 29, 2026 7:29 pm

सरगुजा में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां होंगी स्थापित, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में की घोषणा, 4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

CBN36 अंबिकापुर। सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में सरगुजा में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की। इन अकादमियों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में अनेक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित अवसर और संसाधन मिलने पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा पीछे न रह जाए।

उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं।

4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के प्रति खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। पिछले आयोजन में लगभग साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है। प्रतियोगिता में बालिकाओं की भागीदारी भी विशेष रूप से उत्साहजनक रही।

विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से दूरस्थ गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

खेल सुविधाओं के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत राज्य बजट में प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी तथा वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के अंतर्गत विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य खेल अलंकरण के माध्यम से अब तक 1,143 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया गया है। वहीं 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है।

ओलंपिक पदक विजेताओं को तीन करोड़ रुपये तक की राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये तथा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान कर रही है।

उन्होंने कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी और राजनांदगांव की भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं।

11 खेल विधाओं में हुए रोमांचक मुकाबले

‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ आयोजित सरगुजा ओलंपिक में तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बना आयोजन

कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इस आयोजन से खिलाड़ियों को विकासखंड से लेकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर मिल रहे हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने भी खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के लिए प्रेरित किया। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी।

समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS