Explore

Search

November 29, 2026 7:29 pm

कंवर समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए मुख्यमंत्री ने की 2.75 करोड़ रुपये की घोषणाएं

सरगुजा में संभागीय समाज भवन के लिए 75 लाख, सूरजपुर, बलरामपुर और चेंद्रा में 50-50 लाख रुपये देने का ऐलान

प्रत्येक करमा दल को प्रोत्साहन स्वरूप मिलेंगे 20 हजार रुपये

अंबिकापुर में संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

CBN36 अंबिकापुर, 29 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कंवर समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और सामाजिक मूल्य छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। समाज ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है। शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के माध्यम से समाज को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री रविवार को अंबिकापुर के राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर समाजजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से पांव पखारकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए 2 करोड़ 75 लाख रुपये की घोषणाएं कीं। इसमें सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, सूरजपुर और बलरामपुर में समाज भवनों के निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपये तथा चेंद्रा में समाज भवन के लिए 50 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा पारंपरिक करमा नृत्य और लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक करमा दल को 20 हजार रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कंवर समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक उत्थान में गहिरा गुरु जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके आदर्श और शिक्षाएं समाज को सदाचार, आध्यात्मिक चेतना, एकता और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने समाजजनों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक जैसी योजनाओं से आम लोगों को आर्थिक संबल मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सुशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक सरलता से पहुंचाना है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने करमा तिहार को लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामुदायिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं और समाज में आपसी प्रेम एवं सद्भाव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में समाज के प्रमुखों और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता किसी भी समाज की प्रगति का आधार है। वहीं छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि सामाजिक एकता ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। परंपराओं और संस्कृति को संरक्षित रखते हुए संगठित प्रयासों से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत सूरजपुर अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर टिन्नी सहित जनप्रतिनिधि, कंवर समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS