Explore

Search

November 15, 2026 7:12 pm

बिलासपुर को 119 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

16 नवंबर को लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में होगा जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम, 16 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण एवं भूमिपूजन

CBN36 बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले को 119 करोड़ 10 लाख 52 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। शहर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 89 करोड़ 30 लाख 76 हजार रुपए की लागत वाले सात कार्यों का भूमिपूजन तथा 29 करोड़ 79 लाख 76 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए नौ विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

इन विकास कार्यों में सड़क, पुल, शिक्षण संस्थानों के भवन, बालिका छात्रावास, तहसील कार्यालय और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इनसे जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ आवागमन और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

सड़क निर्माण पर खर्च होंगे 85 करोड़ से अधिक

मुख्यमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे, उनमें 22 करोड़ 37 लाख 38 हजार रुपए की लागत से 11.60 किलोमीटर लंबे खन्टेरिया-सोंठी-नवापारा मार्ग का निर्माण तथा 55 करोड़ 43 लाख 89 हजार रुपए की लागत से 25 किलोमीटर लंबे मल्हार-चिल्हाटी मार्ग का निर्माण शामिल है। मल्हार-चिल्हाटी सड़क बनने से धनगवां, ओखर, मिठ्ठूपुरी, बिनौरी और भटचौरा क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा 4 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से 4.80 किलोमीटर लंबे बेलगहना-बरेसुण्डा मार्ग और 2 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से मंगला चौक से धुरीपारा छोटे कोनी तक 450 मीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन भी किया जाएगा।

शिक्षा और अन्य सुविधाओं का होगा विस्तार

विकास कार्यों के तहत 83 लाख 91 हजार रुपए की लागत से विधि प्रकोष्ठ के नवीन भवन तथा 2 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से शासकीय जेएमपी महाविद्यालय तखतपुर में अतिरिक्त भवन का निर्माण किया जाएगा। वहीं कोटा विकासखंड में 60 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का भूमिपूजन होगा।

पुराने बस स्टैंड की मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण

शहरवासियों को बड़ी सुविधा देते हुए मुख्यमंत्री पुराने बस स्टैंड में 12 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण करेंगे। इससे शहर में पार्किंग की समस्या कम करने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही बेलगहना-कंचनपुर-खोंगसरा मार्ग पर डोंगा नाला में 6 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से निर्मित उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग भी जनता को समर्पित किया जाएगा।

तीन नए तहसील कार्यालय भवनों की मिलेगी सौगात

प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए बोदरी, बेलतरा और सीपत में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा प्रत्येक भवन का निर्माण 71 लाख 12 हजार रुपए की लागत से कराया गया है। तीनों भवनों पर कुल 2 करोड़ 13 लाख 36 हजार रुपए खर्च किए गए हैं। इन कार्यालयों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सड़क और बालिका छात्रावास भी होंगे जनता को समर्पित

लोकार्पण होने वाले कार्यों में लोक निर्माण विभाग संभाग क्रमांक-2 के चार कार्य भी शामिल हैं, जिनकी कुल लागत 8 करोड़ 48 लाख रुपए है। इनमें 3 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से निर्मित 1.975 किलोमीटर लंबा पुरा-चिचड़ा मार्ग तथा 2 करोड़ 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित 1.90 किलोमीटर लंबा बहतराई से सम्बलपुरी मिनी स्टेडियम तक का मार्ग शामिल है।

इसके अलावा कोटा विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल खोंगसरा में 1 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से निर्मित 50 सीटर बालिका छात्रावास का भी लोकार्पण किया जाएगा। इससे क्षेत्र की छात्राओं को आवासीय सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम के माध्यम से बिलासपुर जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और शहरी सुविधाओं के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS