Explore

Search

November 14, 2026 8:38 pm

गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान को 5-स्टार रेटिंग, देशभर में 20वां स्थान

92 प्रतिशत अंक हासिल कर छत्तीसगढ़ का बढ़ाया गौरव, लगातार पांच वर्षों से मिल रहा है खान मंत्रालय का प्रथम पुरस्कार

Cbn36 रायपुर, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए किए गए स्टार रेटिंग मूल्यांकन में खदान को प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। खदान ने 92 प्रतिशत अंक हासिल कर देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में 20वां स्थान प्राप्त किया है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने जनरेशन कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, प्रतिबद्धता तथा सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

गौरतलब है कि गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान को लगातार पांच वर्षों से खान मंत्रालय द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। अब 5-स्टार रेटिंग के साथ देश की शीर्ष 20 खदानों में स्थान हासिल करना खदान के उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की निरंतरता को दर्शाता है।

इस उपलब्धि के लिए नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह में जनरेशन कंपनी को सम्मानित किया गया। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पावर कंपनी के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह को जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने ट्रॉफी भेंट की।

सात मानकों पर होता है मूल्यांकन

कोयला मंत्रालय द्वारा संचालित स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत देश की कोयला खदानों का मूल्यांकन सात प्रमुख मानकों पर किया जाता है। इनमें खनन कार्यों की दक्षता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक का उपयोग, वित्तीय प्रदर्शन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिक कल्याण तथा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं।

गारे पेलमा सेक्टर-III खदान को मिली यह उपलब्धि सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन, आधुनिक तकनीक के उपयोग और सतत खनन के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। खदान प्रबंधन द्वारा कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के लक्ष्यों को पूरा करने के साथ श्रमिकों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

लगातार पांच वर्षों तक प्रथम पुरस्कार और अब 5-स्टार रेटिंग के साथ राष्ट्रीय स्तर पर 20वां स्थान प्राप्त करना छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की कार्यक्षमता एवं बेहतर खनन प्रबंधन का प्रमाण है। यह उपलब्धि प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास को नई मजबूती देने के साथ भविष्य में सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल एवं सतत खनन के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS