Explore

Search

November 9, 2026 9:42 pm

छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को वैश्विक बाजार में कारोबार बढ़ाने का मिलेगा अवसर, 12 नवंबर को रायपुर में होगी FTA कार्यशाला

यूके, ओमान, न्यूजीलैंड, यूएई और ऑस्ट्रेलिया के बाजारों पर रहेगा विशेष फोकस, मुक्त व्यापार समझौतों के लाभ और निर्यात की संभावनाओं पर दी जाएगी जानकारी

Cbn36 रायपुर, 9 नवंबर। छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबार विस्तार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से 12 नवंबर को रायपुर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के माध्यम से भारतीय उत्पादों को मिलने वाली व्यापारिक रियायतों और निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

कार्यशाला का आयोजन सुबह 10:30 बजे से होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया जाएगा।

कार्यशाला में यूनाइटेड किंगडम (यूके), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ऑस्ट्रेलिया जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर विशेष फोकस रहेगा। इन देशों में भारतीय उत्पादों के लिए उपलब्ध और उभरते व्यापारिक अवसरों की जानकारी दी जाएगी। एफटीए के तहत पात्र भारतीय उत्पादों को कई बाजारों में शून्य अथवा रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है, जिससे निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

क्षेत्रवार सत्रों में समझाई जाएंगी निर्यात की बारीकियां

कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संभावित निर्यात उत्पादों, बाजार की मांग, उत्पत्ति के नियम (रूल्स ऑफ ओरिजिन), गैर-शुल्क बाधाओं और मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा होगी।

इन सत्रों के माध्यम से निर्यातकों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि वे संबंधित देशों के बाजारों में अपने उत्पादों की पहुंच कैसे बढ़ा सकते हैं और एफटीए के प्रावधानों का प्रभावी उपयोग किस तरह कर सकते हैं।

कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) तथा छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति अपेक्षित है।

इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के उद्योगों और निर्यातकों को वैश्विक व्यापार से जोड़ना, नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक उनकी पहुंच बढ़ाना तथा राज्य से निर्यात को प्रोत्साहित करना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS