Explore

Search

October 12, 2026 9:48 pm

सीमांकन विवाद पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, मोहित जायसवाल बोले-जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस

जनक देवांगन ने कहा-अवैध कब्जों पर चुप्पी साधने वालों को न्याय और नीति की दुहाई देना शोभा नहीं देता

CBN36 बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में जमीन सीमांकन विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा जिला ग्रामीण ने कांग्रेस नेताओं पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि वे मामले को राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह करने और बेलतरा विधायक की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल और जिला महामंत्री जनक देवांगन ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीमांकन जैसे प्रशासनिक विषय का समाधान तथ्यों और नियमानुसार होना चाहिए, न कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के जरिए।

भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि जनता द्वारा बार-बार नकारे जा रहे कांग्रेस नेता अब विवादों के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के समाधान से अधिक कांग्रेस नेताओं की रुचि बेलतरा विधायक का नाम विवाद में उछालकर राजनीतिक लाभ लेने में है। जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

जायसवाल ने कहा कि जो लोग स्वयं बेशकीमती शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जों को लेकर सवालों के घेरे में हैं, उन्हें दूसरों को नैतिकता, न्याय और नीति का पाठ पढ़ाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमांकन जैसे प्रशासनिक विषय को राजनीतिक हथियार बनाकर जनप्रतिनिधि की छवि खराब करने का प्रयास उचित नहीं है। यदि कांग्रेस को वास्तव में न्याय की चिंता है, तो उसे तथ्यों, दस्तावेजों और नियमों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए, न कि राजनीतिक बयानबाजी से जनता को भ्रमित करना चाहिए।

भाजपा जिला ग्रामीण महामंत्री जनक देवांगन ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद उन लोगों की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ी हैं, जिनकी राजनीति सत्ता के कथित संरक्षण और अवैध गतिविधियों के आरोपों के इर्द-गिर्द रही है। उन्होंने दावा किया कि पंचायतों में ठेकेदारी व्यवस्था पर नियंत्रण, अवैध उत्खनन के विरुद्ध कार्रवाई और सरकारी व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयासों से ऐसे तत्वों में बेचैनी है। देवांगन के अनुसार, यही वजह है कि कुछ कांग्रेस नेता विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय विवादों को हवा देकर अपनी खोई राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं।

देवांगन ने कहा कि भाजपा सरकार में अवैध कब्जों को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा और सरकारी जमीन को निजी संपत्ति समझकर मनमानी करने वालों को कानून से ऊपर रहने की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मामले में दोष का निर्धारण राजनीतिक आरोपों के आधार पर नहीं, बल्कि उपलब्ध तथ्यों, दस्तावेजों और विधिसम्मत प्रक्रिया के अनुसार होना चाहिए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि बेलतरा की जनता को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता और न्याय चाहिए। कांग्रेस नेताओं को यदि जनता के हितों की चिंता है, तो उन्हें बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के साथ अपनी बात सामने रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि का नाम विवाद में उछालने से न तो किसी का राजनीतिक कद बढ़ेगा और न ही वास्तविक तथ्यों में बदलाव आएगा। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि जनता राजनीतिक बयानबाजी और जनहित के मुद्दों के बीच अंतर समझती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS