Explore

Search

September 26, 2026 1:27 am

गौ सेवा और रक्तदान से शुरू होगा महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह

26 सितंबर से 9 अक्टूबर तक होंगे सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल आयोजन, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए कार्यक्रम

CBN36 बिलासपुर। महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का आगाज इस बार सामाजिक सरोकारों के साथ होगा। 26 सितंबर से शुरू होकर 9 अक्टूबर तक चलने वाले समारोह में गौ सेवा, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, खेल, सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अग्रवाल नवयुवक समिति और अग्रवाल महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले आयोजनों में समाज के हर आयु वर्ग की भागीदारी रहेगी।

समारोह के पहले दिन 26 सितंबर को महिलाओं के सम्मान में ‘एक शाम अग्र-लक्ष्मी के नाम’ कार्यक्रम अग्रसेन भवन में होगा। इसी दिन गौरव पथ स्थित स्पोर्ट्स सिटी टर्फ में बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 27 सितंबर को श्याम बाबा मंदिर परिसर में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर लगाया जाएगा। शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक शिविर में सेवाएं देंगे। शाम को ग्रैंड लोटस में ‘संगीत के रंग-हाउजी के संग’ कार्यक्रम होगा।

28 सितंबर को महिलाओं के लिए ‘लक्ष्य की सीढ़ी’, ‘रंगों की दौड़’ और ‘फलों की बहार’ प्रतियोगिताएं होंगी। बच्चों के लिए लूडो, सांप-सीढ़ी, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 29 सितंबर को ‘थिरकते नन्हे कदम’ डांस प्रतियोगिता, ‘गोपालजी की पोशाक सेवा’ और सामान्य ज्ञान-वर्ग पहेली प्रतियोगिता होगी।

30 सितंबर को ‘आशीर्वाद समारोह’ के साथ ‘ईमानदारी की जीत’ नाटक का मंचन होगा। एक अक्टूबर को ‘किस्मत का कमाल’, ‘मेरा छत्तीसगढ़-धान का कटोरा’ और ‘तोल-मोल के बोल’ जैसे कार्यक्रम होंगे। दो अक्टूबर को चित्रकला, रंग भरो, ‘समृद्धि का गुलदस्ता’ और ‘नेतृत्व का सम्मान’ कार्यक्रम होंगे।

इसके बाद 3 अक्टूबर को हाउजी व पिकल बॉल, 4 अक्टूबर को खेलकूद-बैडमिंटन और ‘अग्र फन फेस्ट’, 5 अक्टूबर को ‘नारी तेरे रूप अनेक’ और कपल लूडो, 6 अक्टूबर को डांस प्रतियोगिता व नोट गिनो प्रतियोगिता होगी। 7 अक्टूबर को ‘फिट मॉम’ और फैंसी ड्रेस, 8 अक्टूबर को ‘साठ के ठाठ’ तथा 9 अक्टूबर को क्रिकेट और स्लो मोपेड प्रतियोगिता के साथ समारोह का समापन होगा।

अग्रवाल नवयुवक समिति के अध्यक्ष चंचल अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाते हुए जयंती समारोह की शुरुआत सामाजिक सेवा से की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS