घायलों के समुचित इलाज के निर्देश, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा
CBN36 रायपुर, 25 सितंबर। कांकेर, बालोद और धमतरी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत से शोक की लहर है। हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
घायलों के इलाज में न हो कोई कमी

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और घायलों के उपचार को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल रेफर किए गए सभी घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि मरकाटोला घाट पर हुए सड़क हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगतजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधान संपादक




