Explore

Search

September 25, 2026 9:42 pm

राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में हिंदी के सहज प्रयोग पर जोर, अधिकारियों ने प्रश्नमंच में दिखाया ज्ञान

CBN36 बिलासपुर, 25 सितंबर। बिलासपुर रेल मंडल में 14 से 28 सितंबर तक मनाए जा रहे राजभाषा पखवाड़े के तहत शुक्रवार को मंडल सभाकक्ष में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने की। इस दौरान अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नमंच प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

बैठक में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) के. श्रीनिवास, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) जमना शंकर मीना सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। प्रभारी राजभाषा अधिकारी ने रेलवे बोर्ड की मानक कार्यसूची के अनुसार अप्रैल से जून 2026 तक राजभाषा कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की।

अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने कहा कि राजभाषा के कार्यान्वयन को केवल आंकड़ों और निर्धारित लक्ष्यों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। वास्तविक सफलता तब होगी, जब कर्मचारी हिंदी में कार्य करने में सहज महसूस करें और अधिकारी स्वयं हिंदी के प्रयोग के माध्यम से उदाहरण प्रस्तुत करें।

बैठक के बाद मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नमंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें समसामयिकी, सामान्य ज्ञान, रेलवे और राजभाषा से संबंधित रोचक प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में कुल 12 अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर (परि.) राजीव सोनी ने प्रथम, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी सी.एम.पी. बेक ने द्वितीय तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) राकेश सिंह और वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पूनम चौधरी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अजय कुमार सिंह को प्रेरणा पुरस्कार प्रदान किया गया।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान मंडल में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS