रजिस्ट्री से पहले मकान की लीज रिन्यू कराने के नाम पर रिश्वत की मांग, शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई
CBN36 बिलासपुर। नगर निगम की संपदा शाखा में लीज नवीनीकरण के काम के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने शुक्रवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए नगर निगम के सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
मामला राजकिशोर नगर का है। यहां निवासी अजीत शुक्ला ने एक मकान खरीदने का सौदा किया था। मकान की लीज अवधि समाप्त हो चुकी थी। रजिस्ट्री से पहले लीज नवीनीकरण जरूरी होने के कारण उन्होंने विक्रेता की ओर से जुलाई 2026 में नगर निगम की संपदा शाखा में आवेदन प्रस्तुत किया था।
काम जल्द कराने के एवज में मांगी रकम
आवेदन के बाद जब अजीत शुक्ला लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया के संबंध में निगम कार्यालय पहुंचे तो संपदा शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 लक्ष्मीकांत कोका ने कथित तौर पर काम जल्द कराने के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसीबी बिलासपुर में शिकायत की।
शिकायत सही मिली, फिर बिछाया ट्रैप
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। शुक्रवार 25 सितंबर 2026 को कार्रवाई के दौरान आरोपी बाबू को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
धारा 7 पीसी एक्ट के तहत कार्रवाई
कार्रवाई के बाद आरोपी लक्ष्मीकांत कोका को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। एसीबी की कार्रवाई के बाद नगर निगम की संपदा शाखा में रिश्वत मांगने के इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
प्रधान संपादक




