Explore

Search

September 23, 2026 9:51 pm

रेल फ्रैक्चर से ब्रेक बाइंडिंग तक… चार कर्मचारियों की सजगता ने बचाई रेल यात्रा की सुरक्षा

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया सम्मानित, समय रहते खामियां पहचानकर अधिकारियों को दी सूचना

CBN36 बिलासपुर। रेल पटरियों और मालगाड़ियों में आई गंभीर खामियों को समय रहते पहचानकर तत्काल सूचना देने वाले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चार कर्मचारियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। कर्मचारियों की सजगता से रेल फ्रैक्चर, वैगन की असामान्य स्थिति, वैगन के निचले हिस्से में आई होल और ब्रेक बाइंडिंग जैसी खामियों पर समय रहते कार्रवाई हो सकी। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने संरक्षा बैठक के दौरान चारों कर्मचारियों को सम्मानित किया।

राबर्ट्सन में ट्रैक मेंटेनर-I भुवन लाल ने ड्यूटी के दौरान सुबह करीब 7:15 बजे यार्ड की डाउन लाइन में रेल फ्रैक्चर देखा। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। समय पर कार्रवाई कर ट्रैक को संरक्षित किया गया और रेल परिचालन सुरक्षित तरीके से जारी रखा गया।

भाटापारा में ट्रैक मेंटेनर-IV भानू प्रताप सिंह ने ड्यूटी के दौरान ट्रेन के 34वें वैगन की असामान्य स्थिति को देखा। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई कर गाड़ी का संरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

काचेवानी स्टेशन पर सहायक/कोची एंड वैगन छन्नालाल धुवारे ने एक वैगन के निचले हिस्से में आई होल की पहचान की। सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की गई और ट्रेन का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हुआ।

इसी तरह कामटी स्टेशन के पॉइंट्समैन-ए वैभव नरेंद्र खोबरागड़े ने यार्ड में खड़ी एक मालगाड़ी के वैगन में ब्रेक बाइंडिंग देखी। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। समय रहते कार्रवाई होने से मालगाड़ी का संरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की ऐसी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा दूसरे रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सम्मानित कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, विभागाध्यक्ष और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS