CBN36 जशपुर। पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में लंबित अपराध, चालान, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना एवं चौकी प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि विवेचना में लापरवाही या अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को विवेचकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए साक्ष्य संकलन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित एवं स्थायी वारंटों की तामील में तेजी लाने तथा आदतन अपराधियों पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों में एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को समाधान ऐप के माध्यम से होटल, लॉज और अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक का अनिवार्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर सेल को तकनीकी सहायता संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण करने तथा साइबर हेल्पलाइन, साइबर पोर्टल और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, तथ्यपरक और संतोषजनक निराकरण करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए पुलिस मितान व्यवस्था को अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि पुलिस मितानों के साथ नियमित बैठक कर उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित जनजागरूकता अभियानों में सहभागी बनाया जाए।
ग्राम सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निर्देश दिए गए कि कोई भी शिकायतकर्ता थाना या चौकी से निराश होकर वापस न लौटे। प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही निगरानी बदमाशों पर नजर रखने, पैदल मार्च, कॉम्बिंग गश्त और शाम के समय प्रभावी विजिबल पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सिंह ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। बिना हेलमेट, तीन सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि कम करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना जशपुर पुलिस की प्राथमिकता है।
प्रधान संपादक



