बिलासपुर ।कोटा क्षेत्र के ग्राम दवनपुर निवासी विचाराधीन बंदी नीलू जगत की केंद्रीय जेल बिलासपुर में हुई मौत के मामले को लेकर परिजन, ग्रामीण एवं आदिवासी समाज के लोग न्याय की मांग लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के निवास पहुंचे। इसके बाद विधायक ने परिजनों और समाज के प्रतिनिधियों के साथ प्रभारी कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे से मुलाकात कर मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि नीलू जगत राज्य की अभिरक्षा में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में था, इसलिए उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी शासन और जेल प्रशासन की थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों को कठोर सजा देने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मृतक की पत्नी को शासकीय नौकरी देने और 50 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करने की मांग भी की। विधायक ने कहा कि मृतक की पत्नी की उम्र मात्र 24 वर्ष है और उसकी दो वर्ष की एक बेटी है। ऐसे में परिवार के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है तथा बच्चे के पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी निभाना कठिन होगा। उन्होंने पीड़ित आदिवासी परिवार के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए विशेष सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।

इस दौरान जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने मृतक के परिजनों को 7.5 लाख रुपये की सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। विधायक अटल श्रीवास्तव ने भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की।परिजनों ने घटना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग देखने की मांग की, जिस पर विधायक के निर्देश के बाद जेल प्रशासन ने परिवारजनों को संबंधित सीसीटीवी फुटेज दिखाया।
इस अवसर पर अरुण त्रिवेदी, आदित्य दीक्षित, अभयनारायण राय, देवलाल जगत, प्रभु जगत, मनोहर ध्रुव, धामसिंह सहित मृतक के परिजन, समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


