Explore

Search

June 24, 2026 7:38 pm

SAIL ने नौसेना की ताकत बढ़ाने में निभाई अहम भूमिका, तीन युद्धपोतों के लिए की रक्षा-ग्रेड स्टील की आपूर्ति

दुर्ग, 24 जून। भारत की समुद्री सुरक्षा को मजबूती देने में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड ने एक बार फिर महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कंपनी ने भारतीय नौसेना में हाल ही में शामिल किए गए तीन अत्याधुनिक जहाजों आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस अग्रय और आईएनएस संशोधक के निर्माण के लिए 5,700 टन विशेष रक्षा-ग्रेड स्टील की आपूर्ति की है।

इस्पात मंत्रालय के अधीन महारत्न कंपनी SAIL द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष गुणवत्ता वाले DMR 249A ग्रेड हॉट-रोल्ड शीट एवं प्लेट का उपयोग इन युद्धपोतों के निर्माण में किया गया। कंपनी ने इस स्टील का उत्पादन और आपूर्ति अपने बोकारो, भिलाई तथा राउरकेला इस्पात संयंत्रों के माध्यम से की।

भारतीय नौसेना के इन तीनों जहाजों को 21 जून 2026 को कोलकाता स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल किया। इनमें आईएनएस दूनागिरी एक उन्नत स्टील्थ फ्रिगेट, आईएनएस अग्रय एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट तथा आईएनएस संशोधक एक सर्वेक्षण पोत (लार्ज) है।

SAIL ने कहा कि कंपनी देश में आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने के लिए रक्षा क्षेत्र में आवश्यक विशेष स्टील का उत्पादन कर रही है। रक्षा क्षेत्र की बढ़ती मांग को देखते हुए राउरकेला स्टील प्लांट के स्पेशल प्लेट प्लांट सहित अन्य इकाइयों में DMR ग्रेड प्लेटों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए विशेष पहल की गई है।

कंपनी इससे पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत तथा प्रोजेक्ट-17A के तहत निर्मित आईएनएस नीलगिरि, आईएनएस हिमगिरि और आईएनएस उदयगिरि जैसे युद्धपोतों के लिए भी विशेष स्टील की आपूर्ति कर चुकी है। इसके अलावा आईएनएस अजय, आईएनएस निस्तार और आईएनएस अंजदीप के निर्माण में भी SAIL का विशेष स्टील उपयोग किया गया है।

SAIL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने कहा कि कंपनी देश की रक्षा जरूरतों को पूरा करने और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि DMR 249A ग्रेड की उच्च गुणवत्ता वाली स्टील प्लेटों की आपूर्ति भारत की रणनीतिक स्वतंत्रता को मजबूती देने के साथ ही SAIL की तकनीकी क्षमता को भी दर्शाती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS