रायपुर, 24 जून। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 1 जुलाई 2026 से वीबी जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना लागू की जाएगी। योजना के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए प्रदेशभर में ग्राम सभाओं, बैठकों तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला स्तर पर ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों एवं लाभों की जानकारी दी जा रही है। ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होकर योजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग का संकल्प ले रहे हैं।
इसी क्रम में बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा एवं देवरी में ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीणों ने जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर रोजगार, आजीविका और ग्रामीण विकास से जुड़े संदेशों का प्रदर्शन किया।
योजना को लेकर किए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की केंद्रीय स्तर पर भी सराहना हुई है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने अपने सोशल मीडिया मंच पर बेमेतरा जिले की मानव श्रृंखला की तस्वीर साझा करते हुए इसे ग्रामीणों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी इन प्रयासों की प्रशंसा की है।
ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, रोजगार सृजन करना तथा परिवारों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कार्ययोजना के अनुसार 30 जून तक पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ तथा डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लोगों को योजना की जानकारी देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि योजना गांवों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। योजना लागू होने के बाद प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इस बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण के माध्यम से आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जी राम जी योजना की जानकारी देते हुए लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने प्रसारण के दौरान लोगों के प्रश्नों का उत्तर भी दिया।
प्रधान संपादक


