रायपुर।अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के ग्राम पलोद में आयोजित वृक्षारोपण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की संभावित मेजबानी के समर्थन में 2036 पौधों का रोपण किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों को अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल और पर्यावरण संरक्षण राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए दावा प्रस्तुत किया है। इसी राष्ट्रीय संकल्प को प्रतीकात्मक रूप से सशक्त करने के लिए 2036 पौधों का रोपण किया जा रहा है। यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए हरित, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण का संदेश भी देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का कार्य किया है। इस वर्ष आयोजित बस्तर ओलंपिक में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार विशेष बजट प्रावधान कर रही है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे वे अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा वन विभाग के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने देश में खेल संस्कृति को नई पहचान दी है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में अपार प्रतिभा है और सरकार उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि सरगुजा ओलंपिक का आयोजन भी युवाओं को नई दिशा प्रदान कर रहा है। साथ ही उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पाण्डेय, बीएसएफ के आईजी संजय पंत सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


