Explore

Search

June 24, 2026 1:47 pm

भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बसनी में शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

रायपुर,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय भूमि की सुरक्षा और भू-माफियाओं के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दुर्ग जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन में धमधा तहसील के ग्राम बसनी में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बसनी में कुछ व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि पर झटका तार लगाकर तथा खरीफ एवं रबी फसलों की खेती कर कब्जा किया गया था। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश दिए। तहसीलदार द्वारा राजस्व अभिलेखों एवं पटवारी प्रतिवेदन के आधार पर जांच और सुनवाई की गई, जिसके बाद संबंधित कब्जाधारियों के विरुद्ध बेदखली आदेश जारी किया गया।

22 जून 2026 को राजस्व विभाग एवं ग्राम पंचायत बसनी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराया। तहसीलदार श्रीमती मीना साहू के अनुसार सेवाराम लोधी द्वारा खसरा नंबर 1077 की 20 डिसमिल तथा खसरा नंबर 1188 की 0.34 हेक्टेयर भूमि पर किए गए कब्जे को हटाया गया। इसी प्रकार राजकुमार लोधी के कब्जे से 7 डिसमिल और राजकपूर लोधी के कब्जे से 13 डिसमिल शासकीय भूमि मुक्त कराई गई।

इसके अलावा शिवकुमार मौर्य द्वारा खसरा नंबर 1077 की 8 डिसमिल तथा खसरा नंबर 1076 की 0.19 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान लगाए गए झटका तार भी हटाए गए और भूमि को शासन के पक्ष में सुरक्षित किया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक धमधा, राजस्व निरीक्षक पेण्ड्रावन, हल्का पटवारी तथा ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भू-माफियाओं तथा अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों में संतोष का माहौल है तथा शासकीय भूमि संरक्षण के प्रयासों की सराहना की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS