नागपुर, 04 मई 2026।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ ने सतर्कता दिखाते हुए ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले दो अपचारी बालकों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 मई 2026 को गाड़ी संख्या 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के सामान्य कोच पर रसमड़ा–दुर्ग रेलखंड के मध्य किलोमीटर 869/10-12 के पास पत्थरबाजी की घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान टीम ने बघेरा गेट के समीप दो संदिग्ध बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में एक बालक ने स्वीकार किया कि तालाब में नहाने के बाद अपने मित्र के साथ शर्त के चलते उसने गुजरती ट्रेन पर पत्थर फेंका, जो कोच के कांच से टकराया। बालक ने यह बात अपने अभिभावक के सामने भी स्वीकार की।
इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव में रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी गंभीर अपराध है, जिससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, आम नागरिकों से अपील की गई है कि रेलवे ट्रैक के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को दें। रेलवे ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
प्रधान संपादक


