Explore

Search

April 5, 2026 10:20 pm

रायपुर में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार; 11.22 लाख का मादक पदार्थ जब्त

रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त उड़ीसा और मध्यप्रदेश के अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 22.450 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 11.22 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त पर्यवेक्षण में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की टीम ने की।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तेलघानी नाका चेक के पास कुछ लोग बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार पुरुष, दो महिलाएं तथा एक विधि के साथ संघर्षरत बालक सहित कुल सात लोगों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखे अलग-अलग बैग से गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस  अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी उड़ीसा के विभिन्न जिलों के निवासी हैं और गांजा को उड़ीसा से लाकर मध्यप्रदेश में तस्करी करने की योजना बना रहे थे।

अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS