
केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास में प्रवासी भारतीय समुदाय से किया संवाद
CBN36 मैड्रिड,। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्पेन की आधिकारिक यात्रा के दौरान मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दूतावास के पुस्तकालय का अवलोकन किया और स्पेन में रह रहे भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से मुलाकात कर भारत-स्पेन संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ हुए संवाद में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, वाणिज्य, रोजगार, उद्यमिता, बैंकिंग और सांस्कृतिक संबंधों को विस्तार देने पर विशेष चर्चा हुई। श्री साहू ने कहा कि स्पेन और यूरोप में भारतीय कंपनियों तथा लघु एवं छोटे उद्यमियों के लिए व्यापार विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। भारतीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और उन्हें यूरोपीय बाजार में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने स्पेनिश कंपनियों में भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तलाशने तथा दोनों देशों के बीच व्यावसायिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्पेन की भौगोलिक स्थिति और स्पेनिश भाषा का व्यापक वैश्विक प्रभाव दक्षिण अमेरिकी देशों के साथ व्यापारिक एवं आर्थिक संबंध विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भारतीय उद्यमी स्पेन को आधार बनाकर दक्षिण अमेरिकी बाजारों में भी अपनी पहुंच बढ़ा सकते हैं।
चर्चा के दौरान नए व्यापारियों और उद्यमियों को व्यापारिक प्रक्रियाओं, वित्तीय प्रबंधन तथा बैंकिंग व्यवस्था की जानकारी देने के लिए व्यापार एवं बैंकिंग शिक्षा को प्रोत्साहित करने का विषय भी उठा। साथ ही बैंकिंग प्रक्रियाओं को सरल, सहज और सुलभ बनाने की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि नए उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को कम किया जा सके।
इस अवसर पर विदेशों में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, भारतीय भाषाई विरासत और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
तोखन साहू ने प्रवासी भारतीय समुदाय को भारत की आर्थिक प्रगति, उद्यमशीलता और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण सेतु बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नए आर्थिक एवं व्यावसायिक अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विदेशों में रह रहे भारतीयों की प्रतिभा, अनुभव और उद्यमशीलता को देश की विकास यात्रा से जोड़ना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
प्रधान संपादक