Explore

Search

February 10, 2026 3:02 pm

इंटेलेक्चुअल सोसाइटी ऑफ मीडिया प्रोमोटर्स की दो दिवसीय संगोष्ठी का उद्घाटन:दुनिया का सबसे सशक्त उपकरण है भाषा-चिन्मय मिश्र

वर्धा, 09 फरवरी 2026।इंटेलेक्चुअल सोसाइटी ऑफ मीडिया प्रोमोटर्स की ओर से आयोजित सकारात्मक निरपेक्ष एवं स्वतंत्र अभिव्यक्ति में विरासत ही मार्गदर्शक विषय पर दो दिवसीय द्वितीय वर्धा एजीएम विरासत मीडिया प्रमोटर्स संगोष्ठी का उद्घाटन शनिवार को राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के सभागार में हुआ।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश सर्वोदय मंडल एवं ग्राम सेवा मंडल वर्धा के अध्यक्ष चिन्मय मिश्र ने कहा कि भाषा दुनिया का सबसे सशक्त उपकरण है। उन्होंने कहा कि 13वीं से 15वीं शताब्दी के दौरान भाषा में व्यापक परिवर्तन हुआ, जिसमें तुलसीदास और कबीर ने भाषा की शक्ति और पहचान को स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि 1857 से 1950 तक का कालखंड भारत के लिए दैदीप्यमान रहा। महात्मा गांधी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि गांधीजी ने शब्दों की महत्ता को समझा और जनता से उनकी ही भाषा में संवाद किया। चरखे को हिंदी से जोड़ते हुए उन्होंने देशभर में हिंदी के प्रचार-प्रसार को नई दिशा दी।

चिन्मय मिश्र ने चिंता जताते हुए कहा कि पिछले पच्चीस वर्षों में भाषा को लेकर संकट उत्पन्न हुआ है, जिससे गंभीर चिंतन प्रभावित हो रहा है और भाषा व सभ्यता पर प्रहार हो रहा है। वर्धा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह भूमि राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, सेवाग्राम आश्रम और महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं के कारण विशेष महत्व रखती है। गांधी की इस प्रयोग भूमि ने नई दुनिया को दिशा दी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आईएसएमपी के चेयरमैन चंद्रशेखर ने कहा कि हमें अपनी विरासत में मिली सकारात्मक परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना चाहिए। समाज में आदर्श स्थापित करने और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देने के लिए विरासत को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में धरा मित्र, वर्धा के अध्यक्ष डॉ. तारक काटे, राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के प्रधान मंत्री डॉ. हेमचंद्र वैद्य, सामाजिक वनीकरण विभाग वर्धा के उप-वनसंरक्षक सुहास बढ़ेकर तथा आईएसएमपी प्रांतीय गवर्निंग बॉडी महाराष्ट्र के चेयरमैन कौशल मिश्र उपस्थित रहे। डॉ. तारक काटे और डॉ. हेमचंद्र वैद्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में विरासत शीर्षक स्मारिका का विमोचन किया गया। उत्कृष्ट योगदान के लिए ग्राम सेवा मंडल की सदस्य मालती देशमुख महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय की शोधार्थी आरती कुमारी, महात्मा गांधी आयुर्वेद महाविद्यालय के डॉ. अक्षय पारगांवकर उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत जलसंरक्षण कार्य हेतु डॉ. आर. आर. चौधरी एवं वैशाली उगले सहित अन्य को सम्मान-चिह्न एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आईएसएमपी महाराष्ट्र के चेयरमैन कौशल मिश्र ने कार्यक्रम की भूमिका रखी तथा संस्था का परिचय बी.एस. मिरगे ने दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। राष्ट्रभाषा विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. निलिमा मुणोत ने किया तथा आभार प्रदर्शन एड. ताम्रध्वज बोरकर ने किया।

उद्घाटन समारोह में रायपुर प्रयागराज सेवाग्राम वर्धा सहित विभिन्न स्थानों से आए शिक्षाविद् सामाजिक कार्यकर्ता मीडिया प्रतिनिधि एवं राष्ट्रभाषा विद्यालय के शिक्षक-छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS