
एसएसपी डॉ लाल उमेंद ने बताया अधिकारियों एवं विवेचकों को एनडीपीएस अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों साक्ष्य संकलन, जप्ती, सैंपलिंग एवं विवेचना की बारीकियों की जानकारी दी गई
जशपुर।नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों की विवेचना को अधिक प्रभावी, विधिसम्मत और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में एनडीपीएस एक्ट से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को एनडीपीएस अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों साक्ष्य संकलन, जप्ती, सैंपलिंग एवं विवेचना की बारीकियों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश जशपुर शैलेन्द्र पटवर्धन, डिप्टी डायरेक्टर अभियोजन सुरेश कुमार साहू सहायक निदेशक अभियोजन विपिन कुमार एवं सहायक जिला अभियोजन अधिकारी विवेक शर्मा ने विवेचना के दौरान आवश्यक विधिक प्रक्रियाओं, दस्तावेजी एवं भौतिक साक्ष्यों के महत्व तथा न्यायिक दृष्टिकोण से मामलों को सुदृढ़ करने के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. लाल उमेद सिंह ने नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर देते हुए विवेचकों को एनडीपीएस मामलों में विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मामलों की मजबूती के लिए विवेचना के दौरान जिला अभियोजन विभाग से समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि न्यायालय में प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जा सके।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश शैलेन्द्र पटवर्धन ने एनडीपीएस मामलों में सूक्ष्म एवं तकनीकी साक्ष्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विवेचकों को केस डायरी में तथ्यों की स्पष्ट और विधिवत लेखबद्धता के लिए मार्गदर्शन दिया। वहीं अभियोजन अधिकारियों ने धारा 50 व 57 के प्रावधानों के पालन, जप्त मादक पदार्थों की सुरक्षित अभिरक्षा, फॉरेंसिक जांच, चेन ऑफ कस्टडी तथा एक से अधिक आरोपियों की स्थिति में की जाने वाली विधिक कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले डीएसपी अजाक एवं क्राइम भावेश कुमार समरथ सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। इसके अलावा वर्चुअल माध्यम से भी जिले के सभी विवेचक प्रशिक्षण में शामिल हुए।
प्रधान संपादक


