बिलासपुर। साइबर ठगों ने एक बार फिर फर्जी ट्रैफिक चालान का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया है। सिरगिट्टी क्षेत्र के यदुनंदन नगर तिफरा रहने वाले अस्पताल मैनेजर के मोबाइल फोन को एपीके फाइल के जरिए हैक कर उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते से चार लाख 11 हजार 777 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर के धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

तिफरा के यदुनंदन नगर में रहने वाले मनीष कुमार सोनी (38) निजी हॉस्पिटल में मैनेजर हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि दो फरवरी की सुबह उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अनजान मोबाइल नंबर से मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि उनके नाम से 2000 रुपये का ट्रैफिक चालान कटा है और उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल जंप किया है। मैसेज के साथ एक एपीके फाइल भी भेजी गई थी। ठगों की बातों में आकर पीड़ित ने जैसे ही उस एपीके फाइल को क्लिक किया, वह ऐप उनके मोबाइल फोन में इंस्टॉल हो गया। ऐप इंस्टॉल होने के बाद पीड़ित ने उसे खोलकर देखा, लेकिन उसमें कोई जानकारी या विकल्प नजर नहीं आया। इसके बाद उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। अगले दिन 3 फरवरी की शाम करीब चार बजे पीड़ित के मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन के लगातार मैसेज आने लगे। कुछ ही देर में उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से अलग-अलग आठ किस्तों में कुल चार लाख 11 हजार 777 रुपये की राशि कट चुकी है। यह देखकर पीड़ित घबरा गए और तुरंत अपने बैंक से संपर्क किया। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल बिलासपुर में भी दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने सिरगिट्टी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
प्रधान संपादक


