Explore

Search

June 30, 2026 8:18 am

खेत में पत्नी की लाश, पास के पेड़ पर फंदे से लटका मिला पति का शव

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के जोगी अमराई गांव में मंगलवार सुबह पति-पत्नी की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का खून से सना शव खेत के मेढ़ पर मिला, जबकि कुछ ही दूरी पर उसके पति का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या के बाद पति ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जोगी अमराई निवासी अमित कुमार इंदुआ ने करीब 12 साल पहले अंजू से प्रेम विवाह किया था। दोनों के 10 वर्षीय बेटी और सात वर्षीय बेटा हैं। सोमवार को दंपती अपने बच्चों के साथ रतनपुर स्थित महामाया मंदिर दर्शन करने गए थे। रात में भोजन के बाद पूरा परिवार घर में सोया था। सुबह जब परिजन जागे तो अमित और अंजू घर पर नहीं थे। खोजबीन के दौरान परिजन खेत पहुंचे, जहां अंजू का शव खून से लथपथ हालत में मेढ़ पर पड़ा था और पास के पेड़ में अमित फंदे से लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर अमित की मां दुरपति बाई मौके पर पहुंचीं। बेटे और बहू की लाश देखकर वे बेहोश हो गईं। सूचना पर रतनपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि प्राथमिक जांच में महिला के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। फिलहाल पुलिस अंजू के मायके पक्ष और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS