CBN36 छत्तीसगढ़ ।आज कुछ लोगों के बीच यह गलतफहमी घर कर गई है कि पत्रकार होने का मतलब है कि उनके पास कोई खास अधिकार, रुतबा या प्रशासन पर दबाव बनाने की ताकत है। जबकि सच्चाई यह है कि कानून की नजर में पत्रकार भी देश का एक सामान्य नागरिक है। संविधान ने जो अधिकार एक आम नागरिक को दिए हैं, वही अधिकार पत्रकार को भी प्राप्त हैं। पत्रकारिता का परिचय आपको सम्मान दिला सकता है, लेकिन कोई अतिरिक्त कानूनी शक्ति नहीं देता।यह भी एक कड़वी सच्चाई है कि आज पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान बनाना जितना मुश्किल नहीं है, उससे कहीं ज्यादा मुश्किल उस पहचान की गरिमा बनाए रखना है।
जब तक आपकी खबरें किसी के हित में होती हैं, तब तक आप अच्छे पत्रकार हैं। लेकिन जिस दिन आपकी कलम किसी नेता, अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति की कमियों पर सवाल उठाने लगती है, उसी दिन आप उनकी नजरों में खटकने लगते हैं। फिर आपको चुप कराने के तरीके खोजे जाते हैं। कभी दबाव बनाया जाता है, कभी धमकियां मिलती हैं और कभी झूठे मुकदमों में उलझाने की कोशिश होती है।
लेकिन सबसे ज्यादा तकलीफ तब होती है, जब मुश्किल की इस घड़ी में अपने ही पत्रकार साथी साथ देने के बजाय तमाशबीन बन जाते हैं। कुछ लोग मन ही मन खुश होते हैं कि चलो, एक प्रतिद्वंद्वी रास्ते से हट गया। तो कुछ ऐसे भी होते हैं जो सच के साथ खड़े होने के बजाय सत्ता और रसूख के साथ खड़े दिखाई देते हैं।
यही हमारी बिरादरी की सबसे बड़ी कमजोरी है
इसलिए पत्रकार साथियों, एक बात हमेशा याद रखिए-प्रेस का कार्ड आपकी पहचान हो सकता है, लेकिन आपकी असली हैसियत आपका व्यक्तित्व तय करता है।अपनी कलम को मजबूत बनाइए, कानून की समझ विकसित कीजिए, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनिए, अपने व्यवहार और चरित्र से भरोसा पैदा कीजिए और समाज में ऐसा नेटवर्क तैयार कीजिए जो मुश्किल वक्त में आपके काम आ सके।
दूसरों से सम्मान की उम्मीद करने से पहले अपने काम और आचरण से सम्मान हासिल करना सीखिए।क्योंकि पत्रकारिता में सबसे बड़ी ताकत किसी अधिकारी से नजदीकी, किसी नेता से पहचान या किसी संगठन का पद नहीं है।
असली ताकत है-सच लिखने का साहस, गलत के सामने न झुकने का आत्मसम्मान और विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने का हौसला।
याद रखिए, पत्रकार की पहचान उसका प्रेस कार्ड नहीं, उसकी विश्वसनीयता होती है। और यह विश्वसनीयता किसी पद या परिचय से नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, निष्पक्षता और ईमानदार पत्रकारिता से बनती है।
प्रधान संपादक