CBN36 रायगढ़। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम कलमी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 लीटर महुआ शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को कोतरारोड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कलमी निवासी सुशांतो डहरिया (29 वर्ष) अपने घर के पीछे बाड़ी में भारी मात्रा में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम सुशांतो डहरिया, पिता भगवानों डहरिया, निवासी ग्राम कलमी बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर रखे गए 15-15 लीटर क्षमता वाले सात प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 105 लीटर महुआ शराब पुलिस के समक्ष पेश की।
पुलिस ने मौके से करीब 10 हजार 500 रुपये कीमत की अवैध महुआ शराब जब्त की। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक बंशी रात्रे, मनोज कुमार यादव एवं महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है तथा सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।
प्रधान संपादक