ईरान को हराकर भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण, सीएम बोले- छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का मान
CBN36 रायपुर/कोरबा, 26 सितंबर 2026। एशियन गेम्स के कबड्डी मैट पर छत्तीसगढ़ की बेटी ने देश का मान बढ़ाया है। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत का हिस्सा बनीं कोरबा की संजू देवी। टीम की इस कामयाबी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी।
https://x.com/vishnudsai/status/2103754096373104665/video/1
मुख्यमंत्री साय ने संजू से आत्मीय बातचीत में उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है। मुख्यमंत्री ने संजू देवी से हुई बातचीत की जानकारी एक्स पर पोस्ट कर भी साझा की। उन्होंने भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
सीएम बोले- संजू की सफलता बेटियों के लिए बनेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
फाइनल में ईरान से भिड़ी भारतीय टीम
एशियन गेम्स 2026 के महिला कबड्डी फाइनल में भारत और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। टीम की इस जीत के साथ ही भारतीय महिला कबड्डी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
इस स्वर्णिम अभियान में कोरबा की संजू देवी भी भारतीय टीम की अहम सदस्य रहीं। उनकी सफलता से कोरबा समेत पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है।
कोरबा से राष्ट्रीय टीम तक का सफर
संजू देवी भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं। कोरबा जैसे अपेक्षाकृत छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना उनकी मेहनत और खेल प्रतिभा की कहानी बयां करता है। एशियन गेम्स में भारतीय टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने प्रदेश के उन युवा खिलाड़ियों के सामने नई मिसाल पेश की है, जो बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी और आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे।
प्रधान संपादक




