Explore

Search

September 20, 2026 7:27 pm

सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस 21 को, अरपा से निकलेगी कलश यात्रा

धार्मिक आयोजनों के साथ भंडारा और भजन-कीर्तन, स्वास्थ्य शिविर में 167 मरीजों का हुआ उपचार

CBN36 बिलासपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा सेंन्दरी (कोनी) के अघोरपीठ आश्रम में सोमवार को सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन की शुरुआत सुबह पांच बजे आश्रम परिसर की साफ-सफाई और श्रमदान से होगी।

सुबह छह बजे अरपा नदी से कलश में जल भरकर संकीर्तन और जयघोष के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह सात बजे कार और बाइक से प्रभात फेरी निकलेगी। प्रभात फेरी कोनी, सीपत चौक, नया पुल, नेहरू चौक, राजेंद्र नगर, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, तेलीपारा, गोलबाजार, सदर बाजार और देवकीनंदन चौक होते हुए पुराने पुल एवं सीपत चौक के रास्ते आश्रम पहुंचेगी।

सुबह नौ बजे ध्वजारोहण के बाद पावन सद्ग्रंथ सफल योनि का पाठ, पूजा-अर्चना और आरती होगी। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। सुबह 11:30 बजे पारिवारिक विचार गोष्ठी होगी। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम को भजन-कीर्तन होगा।

लोलार्क षष्ठी पर 167 मरीजों की जांच

समूह की ओर से अघोराचार्य महाराज बाबा किनाराम जी के लोलार्क षष्ठी पर्व पर 17 सितंबर को आश्रम परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। शिविर में 167 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और नि:शुल्क दवाइयां दी गईं। जांच में शुगर-बीपी से संबंधित 62, सिकेल सेल के 25, टीबी के छह और हाई बीपी के 12 मरीज मिले। इसके अलावा 18 पात्र हितग्राहियों के नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

शिविर का शुभारंभ शाखा मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने बाबा किनाराम जी के श्रीविग्रह पर माल्यार्पण, पूजन एवं आरती के साथ किया। स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और मितानिन समन्वयकों ने सहयोग किया।

18 सितंबर को मनाया गया अघोरेश्वर पर्व

आश्रम में 18 सितंबर को अघोरेश्वर पर्व भी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम हुए।

शाखा मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने श्रद्धालुओं और समूह के सदस्यों से स्थापना दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS