Explore

Search

September 20, 2026 6:59 pm

स्वच्छता अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, रेलवे परिसरों में चला विशेष सफाई अभियान

निबंध-चित्रकला प्रतियोगिता में 29 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, प्रमुख स्टेशनों पर बनाए गए स्वच्छता थीम आधारित सेल्फी पॉइंट

एनजीओ और स्वयंसेवी संगठनों ने भी संभाली जिम्मेदारी,बिलासपुर मंडल में कचरा संभावित स्थलों की सफाई,सोमवार को होगा ‘वेस्ट से बेस्ट’ कार्यक्रम

CBN36बिलासपुर/डोंगरगढ़, 20 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत विभिन्न मंडलों में स्वच्छता, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में नागपुर मंडल के डोंगरगढ़ स्थित रेलवे पूर्व माध्यमिक एवं मिश्रित हाई स्कूल में निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि बिलासपुर मंडल में 19 और 20 सितंबर को रेलवे परिसरों, स्टेशनों, यार्डों और कचरा संभावित स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

29 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

डोंगरगढ़ के रेलवे पूर्व माध्यमिक एवं मिश्रित हाई स्कूल में 19 सितंबर को आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना था। प्रतियोगिता में कुल 29 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 20 विद्यार्थियों ने निबंध लेखन और नौ विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

निबंध लेखन में कक्षा 10वीं के प्रतीक रामटेके ने प्रथम, कक्षा 10वीं की नव्या साखरवाड़े ने द्वितीय और कक्षा आठवीं के आयुष रामटेके ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं के अविनाश पॉल प्रथम, सावित्री बनसोड़ द्वितीय और प्राची भास्कर तृतीय रहीं। विद्यार्थियों ने अपने लेख और चित्रों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

सोमवार को होगा ‘वेस्ट से बेस्ट’ कार्यक्रम

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विद्यालय में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को ‘वेस्ट से बेस्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी और आकर्षक सामग्री तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके माध्यम से पुनः उपयोग, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

बिलासपुर मंडल में कचरा संभावित स्थलों की सफाई

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तीसरे और चौथे दिन 19 एवं 20 सितंबर को मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों, रेलवे परिसरों और ट्रैक किनारे स्थित कचरा संभावित स्थलों को चिन्हित कर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

इन स्थानों से जमा कचरे और अनावश्यक सामग्री को हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। अभियान के दौरान केवल कचरा हटाने पर ही जोर नहीं दिया गया, बल्कि साफ किए गए स्थानों के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया गया। खाली स्थानों को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया गया, ताकि यात्रियों को स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण मिल सके।

प्रमुख स्टेशनों पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट

स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए बिलासपुर सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता थीम आधारित सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। इनके माध्यम से यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने तथा स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता संदेश को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

एनजीओ और स्वयंसेवी संगठनों ने भी संभाली जिम्मेदारी

अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई। संगठनों के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने रेलवे परिसरों में आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लेकर सफाई अभियान में सहयोग किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS