
“एसएसपी शशि मोहन का सख्त संदेश ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी”
CBN36रायगढ़। जिले में अवैध शराब और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने पूंजीपथरा और पुसौर थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 29 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। शराब परिवहन में इस्तेमाल एक बाइक भी जब्त की गई है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले छह लोगों के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पूंजीपथरा में 15 लीटर शराब के साथ महिला गिरफ्तार
पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पूंजीपथरा में दबिश दी। यहां प्रभा लाकड़ा (50) निवासी टटकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी पूंजीपथरा के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, महिला शराब को बिक्री के लिए रखे हुए थी। मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक जगहों पर शराब पीना पड़ा भारी
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। गेरवानी यात्री प्रतीक्षालय, सालासर चौक, गेरवानी बस स्टैंड और तमनार चौक के पास खुले में शराब पीते छह लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में अलेक्जेंडर केरकेट्टा (39), अजीत उरांव (29), सुनील शाह (32), प्रमोद साहनी (35), संतोष गिरी (33) और रुपेश कुमार यादव (22) शामिल हैं। सभी के खिलाफ धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुसौर में दो कार्रवाई, 14 लीटर शराब जब्त
पुसौर पुलिस ने तडोला क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में 14 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत करीब 2,800 रुपये बताई गई है।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने तडोला चौक के पास से सोहन किसान (23) को पकड़ा। उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 7 लीटर महुआ शराब मिली।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने लिटिल एंजल स्कूल के पास तडोला-पुसौर मार्ग पर घेराबंदी कर मोतीलाल किसान (34) को पकड़ा। वह हीरो ग्लैमर बाइक क्रमांक CG 13 AV 6138 से महुआ शराब लेकर पुसौर की ओर जा रहा था। तलाशी में बाइक के सामने रखी प्लास्टिक बोरी से 7 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब के साथ बाइक भी जब्त की है। बाइक की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है। इस मामले में कुल 31,400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पुसौर पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
प्रधान संपादक




