Explore

Search

September 20, 2026 3:27 pm

भाटापारा में अधेड़ की पत्थर से कुचलकर हत्या, सिंगापुर गांव में सनसनी

चेहरे पर भारी पत्थर पटककर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस-एफएसएल और साइबर सेल की टीमें जांच में जुटीं

CBN 36 भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगापुर गांव में एक अधेड़ की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। कोदवा जाने वाले मार्ग पर इंद्रा कॉलोनी में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मृतक की पहचान राजाराम उर्फ चोटी साहू (52), पिता महत्तर उर्फ बनिया साहू के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही एसडीओपी भाटापारा, थाना भाटापारा ग्रामीण, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया, एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात 19 और 20 सितंबर की दरम्यानी रात की है। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अज्ञात आरोपी ने भारी और वजनी पत्थर से मृतक के चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

अज्ञात आरोपी की तलाश, कई बिंदुओं पर जांच

हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस टीम घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ मृतक के संपर्क में रहे लोगों और घटनास्थल के आसपास के संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। आसपास के इलाके में भी गहन छानबीन की जा रही है।

एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जबकि साइबर सेल तकनीकी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने कहा है कि प्रकरण से संबंधित आगे की जानकारी जांच की प्रगति के अनुसार पृथक रूप से दी जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS