Explore

Search

September 12, 2026 6:17 pm

अपराधों की पेंडेंसी पर एसएसपी का चढ़ा पारा, बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं

“पेंडेंसी पर एसएसपी सख्त: 60-90 दिन में अपराध निकालो, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहो ,सीनियर आरक्षकों को भी विवेचना की जिम्मेदारी; बेहतर प्रदर्शन पर इनाम, सुस्ती पर कार्रवाई”

रायगढ़। लंबित अपराधों के निराकरण में सुस्ती पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी है। शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में हुई अपराध समीक्षा बैठक में सामान्य अपराधों की पेंडेंसी सामने आने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पेंडेंसी कम करने के लिए अब प्रत्येक थाना प्रभारी कम से कम दो सीनियर आरक्षकों को सामान्य अपराधों की विवेचना सौंपेंगे।

एसएसपी ने 60 और 90 दिवस के भीतर अपराध निकाल सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर जिलों के अपराध निकाल की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को गंभीरता से काम करते हुए समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करना होगा। उन्होंने हर माह अपराध निकाल अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को पुरस्कृत करने और संतोषजनक कार्रवाई नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

अपहरण के मामलों में अब बड़े स्तर पर चलेगा अभियान

बैठक में गुम इंसान के मामलों में न्यायालय के निर्देश के बाद सीधे अपराध दर्ज किए जाने से बढ़ी अपहरण प्रकरणों की पेंडेंसी की भी समीक्षा हुई। एसएसपी ने अपहरण के मामलों में पुलिस टीमों को सक्रियता बढ़ाने और हर संभव प्रयास कर प्रकरणों का जल्द से जल्द निकाल करने के निर्देश दिए।

तीन माह से अधिक पुराने मर्ग प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने ऐसे सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने को कहा।

गणेश उत्सव में पंडाल से लेकर विसर्जन तक रहेगी पुलिस की नजर

आगामी गणेश उत्सव को लेकर एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को गणेश समितियों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक सुरक्षा निर्देश देने कहा गया।

पंडालों के कारण सड़क पर जाम न लगे, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था हो और रात में पंडालों की सुरक्षा के लिए समिति के वालंटियर तैनात रहें, यह सुनिश्चित करने को कहा गया। समितियों के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर थाने में दर्ज करने तथा उन्हें थाना प्रभारी, पेट्रोलिंग टीम और डायल-112 के नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पंडालों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बाहर से आने वाले कलाकारों की जानकारी भी पहले से जुटाने को कहा गया। विसर्जन के लिए भी पुलिस ने पहले से कार्ययोजना तैयार करने तथा डीजे सहित जिला प्रशासन के निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

चक्रधर समारोह में सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष नजर

चक्रधर समारोह को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया।

ब्लैक स्पॉट पर चालान के साथ जागरूकता भी

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यातायात और थाना पुलिस को यहां लगातार एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।

‘ऑपरेशन आघात’ में अवैध शराब और जुआ-सट्टे पर शिकंजा

आबकारी एक्ट के मामलों में कमी पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। अवैध कबाड़ और जुआ-सट्टे की सूचना मिलने पर भी तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

किराएदारों और होटल में ठहरने वालों की होगी जांच

अप्रवासी नागरिकों के सत्यापन के साथ किराएदारों और होटलों में ठहरने वाले लोगों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को हर सप्ताह किराएदारों की जांच और होटलों की नियमित जांच करने तथा ‘समाधान ऐप’ में अनिवार्य एंट्री सुनिश्चित करने को कहा गया।

साइबर जागरूकता में रायगढ़ को पीछे नहीं रहने देंगे

प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने कहा कि साइबर जागरूकता के मामले में जिलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है। रायगढ़ पुलिस को इसमें पीछे नहीं रहना है। इसके लिए आमजन, विद्यार्थियों और विभिन्न वर्गों के बीच लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए।

रायगढ़ पुलिस की लघु फिल्म प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा फिल्म निर्माताओं, क्रिएटर्स और प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन देने को भी कहा गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, राहुल उईके, शिखर मरावी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS