
सेजस नूतन चौक में छात्राओं को स्वास्थ्य के साथ सुरक्षा का पाठ, एएसपी ने यातायात नियमों की दिलाई शपथ
CBN36 बिलासपुर। मासिक धर्म को लेकर झिझक और भ्रांतियों के बीच सेजस नूतन चौक, सरकंडा में छात्राओं को जागरूक करने की अनूठी पहल हुई। आर्यन फिल्म की ओर से आयोजित ‘जागरूक नारी’ कार्यक्रम में बेटियों ने मासिक धर्म से जुड़े सवाल खुलकर पूछे और विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक एवं सरल तरीके से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की भी जानकारी दी गई।
बिलासपुर जिले के कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर, एसएसपी और एएसपी ट्रैफ़िक रामगोपाल करियारे विशेष रूप में मौजूद रहे।
मासिक धर्म पर खुलकर बोलीं बेटियां, विशेषज्ञों ने दूर की झिझक
कार्यक्रम के मासिक धर्म जागरूकता सत्र में डॉ. कविता पुजारा, डॉ. आकांक्षा दीक्षित और विनीता पटेल ने छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी दी। स्वच्छता, स्वास्थ्य और सावधानियों से जुड़े सवालों पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तथ्यात्मक जानकारी दी।
वहीं डॉ. उषा किरण वाजपेयी ने स्वास्थ्य जागरूकता के साथ बच्चों को उनके अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को अपनी बात खुलकर रखने और किसी भी परेशानी की स्थिति में सही व्यक्ति तक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
सड़क पर सुरक्षा, जीवन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम में यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यातायात नियम केवल पुलिस से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए हैं। विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सवालों से बढ़ा संवाद, बच्चों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का सहजता से समाधान किया। इससे कार्यक्रम में संवाद और सहभागिता का सकारात्मक माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में Rapido, Hotel Banshiwala, Arena Animation, Tercel Herbal, Aashirwad Eye Hospital और Jeevdharni Foundation की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम के समापन पर सेजस नूतन चौक की प्राचार्या डॉ. गायत्री तिवारी ने अतिथियों, विशेषज्ञों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। आर्यन फिल्म परिवार ने भी स्कूल परिवार, विद्यार्थियों और सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।कार्यक्रम का संदेश साफ था बात होगी, झिझक टूटेगी… जानकारी बढ़ेगी, जागरूकता बढ़ेगी।
प्रधान संपादक



