Explore

Search

July 14, 2026 5:08 am

भारत सरकार के राजपत्र में अधिसूचित होने वाली पहली कोल पीएसयू की सीएसआर योजना बनी एसईसीएल के सुश्रुत

बिलासपुर। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर योजना एसईसीएल के सुश्रुत भारत सरकार के राजपत्र में अधिसूचित होने वाली किसी भी कोल पीएसयू की पहली सीएसआर योजना बन गई है। कोयला मंत्रालय की अधिसूचना के बाद अब इस योजना के लाभार्थियों के लिए आधार प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी।

अधिसूचना के अनुसार आधार अधिनियम-2016 और आधार प्रमाणीकरण नियम-2020 के तहत लाभार्थियों को पारदर्शी और तकनीक आधारित तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, जो लाभार्थी आधार प्रमाणीकरण नहीं कराना चाहते, उन्हें सरकार द्वारा मान्य वैकल्पिक पहचान पत्र के माध्यम से भी योजना का लाभ मिलेगा।

एसईसीएल ने वर्ष 2023 में इस योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत कंपनी के परिचालन क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को नीट परीक्षा की निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे चिकित्सा क्षेत्र में करियर बना सकें।

योजना के पहले बैच (2023-24) में 40 में से 39 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की। इनमें 11 विद्यार्थियों का एमबीबीएस, दो-दो विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस और बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी तथा दो विद्यार्थियों का वेटरनरी पाठ्यक्रमों में सरकारी संस्थानों में प्रवेश हुआ।

वहीं, दूसरे बैच (2024-25) में 40 में से 31 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास कर एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस और बैचलर ऑफ फिशरीज साइंस सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया।

इससे पहले भी एसईसीएल के सुश्रुत भारत सरकार के डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर पोर्टल पर सूचीबद्ध होने वाली किसी भी कोल पीएसयू की पहली और एकमात्र सीएसआर योजना बन चुकी है। अब राजपत्र में अधिसूचना के बाद योजना को संस्थागत मजबूती मिलने के साथ लाभार्थियों तक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित सेवा वितरण का मार्ग और सुदृढ़ होगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS