Explore

Search

September 11, 2026 8:42 pm

हसदेव नदी में सेल्फी के दौरान हादसा: एक को बचाने कूदे दो छात्र भी बहे, चौकसे कॉलेज के तीन छात्र लापता

“जांजगीर-चांपा की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के तीन छात्र हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गए हैं। एक छात्र को बचाने के लिए उसके दो साथी नदी में कूदे, लेकिन तीनों लापता हो गए। मौके पर पुलिस और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।”

CBN36 जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में शुक्रवार दोपहर पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के छात्रों के साथ बड़ा हादसा हो गया। हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य छात्र भी नदी में कूद गए। तेज बहाव के कारण तीनों छात्र नदी में बह गए और लापता हैं।

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। लापता तीनों छात्रों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।

पिकनिक मनाने पहुंचे थे आठ छात्र-छात्राएं

सीएसपी योगिता बाली खापर्डे से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच ग्राम देवरी पहुंचे थे। समूह में चार छात्राएं और चार छात्र शामिल थे। इसी दौरान छात्र हसदेव नदी के किनारे पहुंचे।

बताया जा रहा है कि मुरारी साहू, पवन लाल और सचिन सिंग नदी किनारे सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा। उसे बचाने के लिए दोनों अन्य छात्रों ने भी नदी में छलांग लगा दी। लेकिन तेज धार के कारण तीनों छात्र नदी से बाहर नहीं निकल सके और बह गए।

गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। नदी में लापता छात्रों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं से भी घटना की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल तीनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS