न्यायालय ने आर्म्स एक्ट के मामले में सुनाई सजा, आरोपी पर 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया
CBN36 पलारी, 25 अक्टूबर 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी बस स्टैंड पर धारदार कत्ता लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने के मामले में न्यायालय ने आरोपी संतोष साहू को दो वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह फैसला पुलिस की विवेचना और अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर सुनाया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2025 को समाधान सेल (दृष्टि हेल्पलाइन) के माध्यम से थाना पलारी को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड में एक व्यक्ति धारदार कट्टा लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पलारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संतोष साहू, पिता गोपाल साहू, उम्र 48 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, बजरंग चौक, बस स्टैंड पलारी के रूप में हुई।
मौके से धारदार कट्टा जब्त
पुलिस ने आरोपी के हाथ से धारदार लोहे का कट्टा जब्त किया। जब्त हथियार की गवाहों की मौजूदगी में माप की गई। पुलिस के अनुसार, कत्ते की कुल लंबाई 27 सेंटीमीटर, फल की लंबाई 6 सेंटीमीटर और चौड़ाई 2 सेंटीमीटर थी। पुलिस ने हथियार की जब्ती सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं।
इस मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 431/2025 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण के विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक नरेश खूंटे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, नजरी नक्शा तैयार किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और विवेचना पूरी करने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।
न्यायालय ने सुनाई दो साल की सजा
प्रकरण की सुनवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बलौदाबाजार के न्यायालय में हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी संतोष साहू को दोषी ठहराते हुए दो वर्ष के कठोर कारावास और 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा नहीं करने की स्थिति में अतिरिक्त साधारण कारावास का भी प्रावधान किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानून के तहत की गई कार्रवाई का उदाहरण है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक