Explore

Search

October 24, 2026 8:00 pm

गढ़फुलझर में 50 लाख से बनेगा भव्य डोम, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 50 लाख के सर्वमंगल भवन का किया लोकार्पण, बोले- हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ

Cbn36 रायपुर, 24 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के गढ़फुलझर में बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। साथ ही मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में गढ़फुलझर के विकास के लिए किए गए वादे अब धरातल पर साकार हो रहे हैं। क्षेत्र में 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। वहीं, करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से पौने दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी प्रगति पर है।

कोलता समाज की भूमिका की सराहना

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोलता समाज ने कृषि, शिक्षा, सेवा और सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। मेहनत, सामाजिक एकता और प्रगतिशील सोच के कारण यह समाज दूसरे समाजों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। सर्वमंगल भवन के निर्माण से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

हर परिवार तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। किसानों, श्रमिकों, तेंदूपत्ता संग्राहकों और युवाओं के कल्याण के लिए भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

हेल्पलाइन से होगा शिकायतों का त्वरित निराकरण

मुख्यमंत्री ने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। वहीं, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की करीब 700 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से भी नागरिकों को विभिन्न सेवाएं मिल रही हैं।

पर्यटन और सिंचाई से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने और होमस्टे को प्रोत्साहित करने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। सिरपुर बैराज तथा सिकासेर-कोडार लिंक परियोजना से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने गढ़फुलझर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सर्वमंगल भवन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करेगा। महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने गढ़फुलझर के समग्र विकास के प्रयासों की सराहना की और मां रामचंडी मंदिर की सीढ़ियों पर शेड निर्माण के लिए सांसद निधि से राशि देने की घोषणा की।

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि कोलता समाज ने शिक्षा, कृषि और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, कोलता समाज के अध्यक्ष भुवनेश्वर सदावर्ती सहित जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS