Explore

Search

October 24, 2026 6:35 pm

ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में करता था सप्लाई, तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने बौद्ध जिले में दी दबिश, 15.5 किलो गांजा और कार समेत 3.96 लाख का माल जब्त

CBN36 बलौदाबाजार। सिटी कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए ओडिशा के एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश करना (28) निवासी जिला बौद्ध, ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। मामले में अब तक 15 किलो 500 ग्राम गांजा, स्विफ्ट कार, नकदी और अन्य सामग्री समेत 3,96,100 रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम खोरसीनाला पनगांव में कार्रवाई की गई थी। इस दौरान आरोपी आकाश कुरें के कब्जे से उसकी स्विफ्ट कार की डिक्की और घर की रसोई के छज्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, 91,100 रुपये नकद और प्लास्टिक रैपर बरामद किए गए थे। पूछताछ में उसने गनियारी-भानपुर निवासी भूषन कुमार यादव से गांजा लेने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने भूषन को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुला ओडिशा कनेक्शन

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाया। जांच में ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ओडिशा के बौद्ध जिले पहुंची और तलाश के बाद कथित सप्लायर आकाश करना को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। उसे 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 870/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।

नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और पूर्व में की गई कार्रवाई के आधार पर तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी गईं। मामले में आगे की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS