निलंबित लाइसेंस पर वाहन चलाया तो होगी कानूनी कार्रवाई, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर
CBN36 बिलासपुर। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करते हुए जनवरी से अक्टूबर 2026 तक 892 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। निलंबन के बावजूद वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह बात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कही।
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
पंधी मोड़ पर सड़क चौड़ी, लगरा और जांजी में भी होगी मरम्मत
बैठक में बताया गया कि पंधी मोड़ पर सीमेंट कांक्रीट से सड़क चौड़ीकरण का काम कराया गया है। इससे मोड़ पर दृश्यता बेहतर होने और वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, लगरा मोड़ और ग्राम जांजी में भी जल्द मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इन कार्यों का उद्देश्य दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और यातायात को सुगम बनाना है।
स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
एसएसपी रजनेश सिंह ने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क पर सुरक्षित आवागमन और नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधान संपादक