Explore

Search

October 27, 2026 7:04 pm

GPS ट्रैकर ने खोला राशन चोर गिरोह का राज, 5 गिरफ्तार; 38.60 लाख की संपत्ति जब्त

“रायगढ़ पुलिस ने शक्कर की बोरी में छिपाया था ट्रैकर, चोरी के बाद लोकेशन का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची टीम; चार आरोपी चोरी में शामिल, एक पर माल खरीदने का आरोप”

“एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले- संगठित गिरोहों पर होगी सख्त कार्रवाई”

CBN36 रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी राशन दुकानों से चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि वे चोरी की शक्कर की बोरी में छिपे GPS ट्रैकर से अनजान रह गए। जैसे ही आरोपी ट्रैकर लगी बोरी लेकर निकले, पुलिस उनकी लोकेशन का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंच गई। वहां दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, दो बोरी शक्कर और चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा व इनोवा कार समेत कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पहले शक्कर की बोरी उठाते थे चोर, पुलिस ने इसी कमजोरी को बनाया हथियार

पुसौर थाना क्षेत्र में लंबे समय से शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को निशाना बनाया जा रहा था। अलग-अलग गांवों में चावल और शक्कर की बोरियां चोरी होने से राशन दुकान संचालक परेशान थे। चोर रात के अंधेरे में तेज रफ्तार वाहनों से पहुंचते और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।

लगातार हो रही चोरियों के बाद पुलिस ने घटनाओं के तरीके का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी अक्सर पहले शक्कर की बोरियां उठाते थे। इसी जानकारी को आधार बनाकर पुलिस ने राशन दुकान संचालकों को सुरक्षा के लिए GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी।

पुलिस की सलाह पर एक शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपा दिया गया। पुलिस को इसी तकनीक से गिरोह तक पहुंचने का रास्ता मिला।

चोरी की बोरी लेकर निकले, लोकेशन ने पहुंचा दिया पुलिस के पास

25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात कोतमरा गांव की शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी हुई। आरोपी चावल और शक्कर की बोरियां ले गए। उन्हें अंदाजा नहीं था कि शक्कर की एक बोरी में GPS ट्रैकर छिपा हुआ है।

चोरी की सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस सक्रिय हो गई। ट्रैकर की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करते हुए रायगढ़ से धरमजयगढ़ की दिशा में आगे बढ़ी। बाद में लोकेशन पत्थलगांव में मिली।

पुसौर पुलिस के साथ घरघोड़ा थाना और रैरूमाखुर्द चौकी की टीम भी इस कार्रवाई में शामिल हुई। संयुक्त टीम ने पत्थलगांव में राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास से ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि चोरी का माल बेचने के इरादे से उसके पास छोड़ा गया था।

इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के इलाकों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चार पर चोरी, पांचवें पर चोरी का माल खरीदने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में समीर आलम, मोहम्मद हफीज, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी पर चोरी की वारदातों में शामिल होने का आरोप है। वहीं, सेवाल कुजूर पर चोरी का माल खरीदने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा और एक इनोवा कार बरामद की। दोनों वाहनों में चावल की बोरियां भरी हुई थीं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है।

पुलिस ने मामले में चोरी और नकबजनी से संबंधित धाराओं के साथ चोरी की संपत्ति खरीदने तथा संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने और पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

115 बोरी चावल और दो बोरी शक्कर बरामद

पुलिस के अनुसार, अब तक 115 बोरी चावल और दो बोरी शक्कर बरामद की गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत 3.60 लाख रुपये है। चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा और इनोवा कार की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय अन्य समूहों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस पहलू पर जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी राशन दुकानों में हुई अन्य चोरियों में भी इसी गिरोह का हाथ तो नहीं है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले- संगठित गिरोहों पर होगी सख्त कार्रवाई

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि शासकीय राशन दुकानों में हो रही चोरियों का पुलिस ने सूझबूझ और आधुनिक तकनीक की मदद से खुलासा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि अपराधियों की धरपकड़ के साथ चोरी की संपत्ति बरामद करना और अपराध में सहयोग करने वालों की भूमिका की जांच करना भी पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच समन्वय तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग महत्वपूर्ण है।

इन पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

  1. सेवाल कुजूर (52 वर्ष) निवासी मुड़ापारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
  2. समीर आलम (26 वर्ष) निवासी कनकपुर, थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर।
  3. मोहम्मद हफीज (26 वर्ष) निवासी शांतिनगर तिलडेगा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
  4. संतोष कुमार माहेश्वरी (33 वर्ष) निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
  5. डमरूधर खूंटे (36 वर्ष) निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।

पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। इसमें पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव सहित पुसौर थाने के उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS