Explore

Search

September 10, 2026 11:17 am

जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा बिलासपुर रेलवे स्टेशन, 850 श्रद्धालु अयोध्या रवाना

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर आस्था स्पेशल ट्रेन को किया रवाना

CBN36 बिलासपुर। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन से आस्था स्पेशल ट्रेन 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं की रवानगी को लेकर रेलवे स्टेशन पर उत्साह और भक्तिमय माहौल रहा। गाजे-बाजे, पारंपरिक नृत्य, तिलक, फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सभापति भारती नीरज माली, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का सम्मान है। इसके माध्यम से हर वर्ग के लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिस तरह श्रवण कुमार अपने माता-पिता को तीर्थ दर्शन कराने ले गए थे, उसी तरह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जनता को श्री रामलला के दर्शन करा रहे हैं।

अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन के साथ श्रद्धालु काशी विश्वनाथ के दर्शन भी करेंगे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।

सरकंडा निवासी आराधना मिश्रा, ज्योत्सना मिश्रा और तखतपुर विकासखंड के ग्राम सागर निवासी लक्ष्मी साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि श्री रामलला के दर्शन करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इस तरह की सुव्यवस्थित और सम्मानजनक यात्रा किसी सपने के साकार होने जैसी है।

श्रद्धालुओं ने कहा कि मुख्यमंत्री साय की पहल से उन्हें प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिला है। उन्होंने इस यात्रा को अपने जीवन का अविस्मरणीय और भावनात्मक क्षण बताया।

यात्रा में भोजन से लेकर सुरक्षा तक व्यवस्था

श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए आने-जाने, ठहरने, मंदिर दर्शन, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मियों और चिकित्सकों का दल भी श्रद्धालुओं के साथ रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS