Explore

Search

September 11, 2026 2:18 pm

त्योहारों से पहले एसएसपी भोजराम पटेल का सख्त एक्शन, 45 बदमाशों की हुई सघन चेकिंग

CBN36 मुंगेली, 11 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी और आगामी त्योहारों को देखते हुए मुंगेली पुलिस ने कानून व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिलेभर में निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान 08 निगरानी बदमाश, 33 गुंडा बदमाश और 04 गैंग हिस्ट्रीशीटर समेत कुल 45 बदमाशों की जांच की गई।

एसएसपी भोजराम पटेल ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे बदमाशों की नियमित निगरानी और सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। पुलिस का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

कार्यालय बुलाकर 12 गुंडा बदमाशों से पूछताछ

निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला ने सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के 12 गुंडा बदमाशों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाकर चेकिंग की। इस दौरान उनसे आय के स्रोत, चल-अचल संपत्ति, वर्तमान गतिविधियों, आवागमन और उनके आने-जाने वाले स्थानों की जानकारी ली गई।

पुलिस ने सभी को स्पष्ट हिदायत दी कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी हुई चेकिंग

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने बदमाशों की चेकिंग की। लोरमी थाना क्षेत्र में 04 निगरानी बदमाश, 15 गुंडा बदमाश और 04 गैंग हिस्ट्रीशीटर समेत 23 की चेकिंग की गई। जरहागांव में 01 निगरानी और 01 गुंडा बदमाश, लालपुर में 02 गुंडा बदमाश तथा चिल्फी में 02 निगरानी और 01 गुंडा बदमाश की चेकिंग हुई। अन्य थाना क्षेत्र में 01 निगरानी बदमाश और 02 गुंडा बदमाशों की भी जांच की गई।

इस तरह जिले में कुल 08 निगरानी बदमाश, 33 गुंडा बदमाश और 04 गैंग हिस्ट्रीशीटर समेत 45 बदमाशों की चेकिंग की गई। सभी को आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर

एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ऐसे तत्वों की लगातार निगरानी के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS