इलाज की गुहार लेकर सामने आई थी CBN36 की खबर, मुख्यमंत्री साय ने लिया संज्ञान; एम्स रायपुर में भर्ती और 4 लाख की सहायता स्वीकृत
CBN36 रायपुर-धमतरी, 10 सितंबर। करीब 10 साल से बिस्तर पर जिंदगी काट रहे धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत की दर्दभरी कहानी को CBN36 ने प्रमुखता से उठाया था। CBN36 की खबर में शशिकांत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री से बेहतर इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई थी। खबर सामने आने के बाद मामले ने शासन का ध्यान खींचा और मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल शशिकांत की मदद के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं शशिकांत से दूरभाष पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें 9 सितंबर की शाम एम्स रायपुर में भर्ती कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने उपचार के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
2016 के हादसे के बाद बदल गई जिंदगी
वर्ष 2016 में हुए सड़क हादसे ने शशिकांत की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के बाद वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। सर्वाइकल की गंभीर समस्या के चलते उनके हाथ-पांव की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। परिवार ने लंबे समय तक अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेहतर इलाज की उम्मीद भी लगातार धुंधली होती गई।
CBN36 ने उठाई आवाज, शासन ने दिखाई संवेदनशीलता
शशिकांत की स्थिति को लेकर प्रकाशित CBN36 की खबर ने उनकी पीड़ा को सामने लाने का काम किया। खबर में बताया गया था कि किस तरह एक युवा करीब एक दशक से बिस्तर पर जिंदगी गुजारने को मजबूर है और बेहतर उपचार के लिए शासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।
खबर प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल उपचार की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इसके बाद शशिकांत को एम्स रायपुर ले जाकर भर्ती कराया गया। सरकार की इस त्वरित पहल से शशिकांत और उनके परिवार को वर्षों बाद बेहतर इलाज की नई उम्मीद मिली है।
शशिकांत के परिवार ने मुख्यमंत्री साय और CBN36 का जताया आभार
मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी लेने और एम्स में उपचार की व्यवस्था कराने से शशिकांत और उनका परिवार भावुक है। शशिकांत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का फोन आना और तत्काल इलाज की व्यवस्था होना उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा संबल है।
परिवार ने CBN36 का भी आभार जताया, जिसने शशिकांत की तकलीफ को प्रमुखता से उठाकर उनकी आवाज शासन तक पहुंचाई। परिवार का कहना है कि खबर के बाद मिली मदद ने उन्हें यह भरोसा दिया है कि शशिकांत का बेहतर उपचार संभव हो सकेगा।
CBN36 की खबर ने दिलाई उम्मीद
एक ओर वर्षों से इलाज के लिए संघर्ष कर रहा परिवार था, दूसरी ओर मदद की उम्मीद में उठी आवाज। CBN36 ने इस पीड़ा को खबर के माध्यम से सामने रखा और अब शशिकांत को एम्स में इलाज की सुविधा मिल गई है। मुख्यमंत्री की पहल और आर्थिक सहायता से परिवार को बड़ी राहत मिली है। अब सभी की उम्मीदें शशिकांत के बेहतर स्वास्थ्य और उपचार के परिणाम पर टिकी हैं।
प्रधान संपादक




